मध्यप्रदेश में नौवीं और ग्यारहवीं के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में जनरल प्रमोशन मिलेगा। विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में पदोन्नत किया जाएगा। इस संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किया जा चुका है। कोरोना महामारी की वजह से स्कूल शिक्षा विभाग ने 2019-2020 सत्र के लिए नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पदोन्नत करने का फैसला लिया है। इस संबंध में शासकीय आदेश भी जारी किया जा चुका है।
लोक शिक्षण आयुक्त जयश्री कियावत ने इस संबंध में सभी संभागों के संयुक्त संचालक एवं सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किया है। इस निर्देश में कहा गया है कि सूबे के सभी शासकीय हाई एवं हायर सेकण्डरी विद्यालयों में सत्र 2019-2020 के कक्षा 9वीं और 11वीं के 23 मार्च को घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में पूरक पात्रताधारी विद्यार्थियों को इस अप्रत्याशित संक्रमण काल में प्रोन्नत कर उत्तीर्ण घोषित किया जाए।
इस निर्देश में कहा गया है कि सभी अशासकीय विद्यालयों में जहां 19 मार्च अथवा उससे पहले नौवीं एवं ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं अथवा परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हों, या न किए गए हों, 9वीं एवं 11वीं के सभी विद्यार्थियों को प्रोन्नत कर उत्तीर्ण घोषित किया जाए।

0 टिप्पणियाँ