भोपाल । LockDown in Madhya Pradesh : कोरोना संक्रमण की स्थिति में मई-जून में भी सुधार नहीं हुआ तो हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी के पाठ्यक्रम में कटौती संभव है। सरकार कम उपयोगी अध्यायों को हटाकर पाठ्यक्रम को छोटा कर देगी, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी कराने में दिक्कत न हो और कम समय में ज्यादा पढ़ाई से वे तनाव में भी न आएं।

केंद्रीय मानव संसाधन विभाग ने कोर्स में कटौती के संकेत दिए हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश में भी इस पर विचार शुरू हो गया है। कोर्स में क्या कटौती की जाना है, यह नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) तय करेगा। प्रदेश में दो साल से शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू हो रहा है, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के चलते अब तक पिछले शैक्षणिक सत्र की परीक्षाएं भी समाप्त नहीं हो पाई हैं।

वर्तमान में भी हालात ठीक नहीं हैं। ऐसे में 16 जून से स्कूल खुल पाएंगे या नहीं, अभी कहना मुश्किल है। अमूमन देशभर में यही स्थिति है। इसे देखते हुए कोर्स में कटौती पर विचार शुरू हुआ है, लेकिन सरकार कटौती का निर्णय लेने से पहले मई और जून की स्थिति देखेगी। यदि इन महीनों में कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार नहीं होता है तो फिर कोर्स में कटौती तय है। मप्र में हाई स्कूल और हायर सेकंडरी के विद्यार्थियों की संख्या 30 लाख से ज्यादा है।