कैप्शन जोड़ें

मध्यप्रदेश में लॉकडाउन 15 जून तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्कूल-कॉलेज खुलेंगे, लेकिन इस पर आखिरी फैसला 13 जून के बाद ही लिया जाएगा। कोरोना के खतरे के मद्देनजर लॉकडाउन 15 दिन के लिए बढ़ाया जा रहा है। 

मध्यप्रदेश सरकार ने यह फैसला ऐसे समय लिया है, जब राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7645 पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 192 नए केस मिले हैं। राज्य में अब तक कोरोना की वजह से 334 मरीज दम तोड़ चुके हैं। 4269 लोग ठीक हो चुके हैं। 

खेल गतिविधियां 1 जून से शुरू होंगी

राज्य में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा और बड़वानी को छोड़कर बाकी सभी जिले ग्रीन जोन में हैं और सभी जगह शर्तों के साथ बाजार खोल दिए गए हैं। प्रदेश में खेल गतिविधियां भी 1 जून से शुरू हो रही हैं। 

उधर, राज्य में सागर जिला नया हॉट स्पॉट बन गया है। यहां शुक्रवार को 24 नए केस मिले हैं। इनमें 16 सदर, 4 मढ़िया विट्ठल नगर के अलावा मकरोनिया, मोतीनगर, सिविल लाइन और सूबेदार वार्ड में एक-एक पॉजिटिव मिले। इसके साथ शहर में अब तक 165 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 92 सदर से हैं। जिले में 8 मौतें हो चुकी हैं।